*पंचगछिया में चला अतिक्रमण मुक्ति अभियान, सरकारी भूमि से हटाए गए स्थायी अतिक्रमण*
सहरसा, 28 जून 2026: माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार सुचारु एवं सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को सत्तर कटैया प्रखंड के पंचगछिया में अतिक्रमण मुक्ति अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सरकारी भूमि पर निर्मित उन स्थायी ढांचों को हटाया गया, जिनके कारण आवागमन एवं यातायात व्यवस्था बाधित हो रही थी। प्रशासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करते हुए सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिससे आम लोगों के लिए आवागमन सुगम हो सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार स्वयं मौके पर उपस्थित रहे तथा अभियान की निगरानी की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण नहीं होने दिया जाए तथा यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले अतिक्रमणों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाए।