मिलावट पर शिकंजा: जिलेभर में डेयरियों पर छापे, जांच के लिए भेजे नमूने
देवास। आगामी त्योहारों के मद्देनज़र खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने देवास, टोंकखुर्द, सोनकच्छ और कन्नौद क्षेत्र की विभिन्न डेयरियों व प्रतिष्ठानों से दूध, घी सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए।
देवास में मुकाती दूध डेयरी, महेंद्र दूध डेयरी, श्री कृष्णा दूध भंडार और संजय मिल्क प्रोडक्ट्स प्रा. लि. से दूध के नमूने लिए गए। वहीं टोंकखुर्द, सोनकच्छ और कन्नौद की विभिन्न डेयरियों से भी दूध एवं घी के सैंपल एकत्रित किए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावट पर रोक लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।