मधुबनी में गड्ढे में डूबने से 5 भाई-बहनों की मौत:खेत में खोदा गया था गड्ढा, नहाने के दौरान हादसा, उम्र 12 से 15 के बीच
मधुबनी में बुधवार को 6 बच्चे पानी में डूब गए। इनमें से 5 बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सभी बच्चे एक ही परिवार के थे और आपस में भाई-बहन थे।
हादसा पतोना थाना क्षेत्र के केरवार गांव के पास हुआ। सभी की उम्र 12 से 15 साल के बीच है।
बताया जा रहा है कि गांव में एक खेत में गड्ढा खोदा गया था। बच्चे इसमें नहाने गए थे। गहराई ज्यादा होने की वजह से सभी डूबते चले गए। सभी के शवों को बाहर निकाल लिया गया है।
12 बजे के करीब केरवार गांव के करीब 8 बच्चे चौर क्षेत्र में नहाने गए थे। वहां पहले जेसीबी मशीन से मिट्टी की खुदाई की गई थी, जिससे एक गहरा गड्ढा बन गया था।
बच्चों को गहराई का अंदाजा नहीं था। सभी एक-एक कर के डूबते चले गए। गांव के लोगों ने बच्चों को डूबते देखा तो बचाने के लिए कूदे, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।
गांव वालों की मदद से बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को एंबुलेंस और प्राइवेट गाड़ियों से बेनीपट्टी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों में 2 लड़के और 3 लड़कियां शामिल हैं। वहीं एक बच्चे का इलाज जारी है।
बच्चों के डूबने की खबर लगते ही गांव वाले गड्ढे में कूद गए। रेस्क्यू का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें पानी से भरे गड्ढे के बाहर लोगों की भीड़ दिख रही है। 4 से 5 लोग नदी से बच्चों को निकालने की कोशिश करते दिख रहे हैं।
बाहर खड़े लोग बच्चों की गिनती कर रहे हैं। कुछ एंबुलेंस और पुलिस को बुलाने की बात कह रहे हैं। 2 बच्चे गड्ढे के किनारे दिखाई दे रहे हैं।
Bihar, India | Jun 4, 2026