सूने मकानों को निशाना बनाने वाले 4 शातिर नकबजन गिरफ्तार, करीब 45 लाख का माल बरामद,
ग्वालियर। सूने मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले नकबजनों के खिलाफ ग्वालियर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुरार, ठाठीपुर और विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, आईफोन और चोरी की मोटरसाइकिल सहित करीब 45 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देश पर जिले में लंबित चोरी और नकबजनी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अधिकारियों के मार्गदर्शन में मुरार, ठाठीपुर और विश्वविद्यालय थाना पुलिस की टीमों ने कार्रवाई की।
मुरार पुलिस ने दो नकबजनों को पकड़ा
मुरार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी के मामले में संदिग्ध नदी संतर के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सोनू उर्फ सोना जाटव और सूरज जाटव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथी बन्टू के साथ सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों से सोने के आभूषण सहित करीब 37 लाख रुपये का माल बरामद किया है। मामले में तीसरे आरोपी बन्टू की तलाश जारी है।
ठाठीपुर पुलिस ने नेहरू कॉलोनी की नकबजनी खोली
ठाठीपुर पुलिस ने नेहरू कॉलोनी में हुई चोरी के मामले में अजय उर्फ चेला रजक को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर किराये के मकान से एक जोड़ी सोने की झुमकी और आईफोन बरामद किया गया। इसके अलावा चोरी की होंडा मोटरसाइकिल क्रमांक MP07-ZT-3341 भी बरामद की गई। बरामद माल की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
विश्वविद्यालय पुलिस ने ससुराल से आरोपी को दबोचा
विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने चोरी के मामले में फरार चल रहे राहुल उर्फ हड्डी को उसकी ससुराल मेहरा कॉलोनी से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर सोने जैसे आभूषण—मांग टीका, झाले, टॉप्स, लेडीज अंगूठी और वेशर बरामद किए गए। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
सोनू उर्फ सोना जाटव, उम्र 21 वर्ष
सूरज जाटव, निवासी दुल्लपुर ठाठीपुर
अजय उर्फ चेला रजक, उम्र 19 वर्ष
राहुल उर्फ हड्डी, उम्र 22 वर्ष
पुलिस के अनुसार आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई में तीनों थाना प्रभारियों सहित पुलिस टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।