पाली में शिलान्यास के एक साल बाद भी अधूरी पड़ी पुलिस चौकी, लोगों में नाराजगी
पाली (हरदोई)। पाली नगर में प्रस्तावित नई पुलिस चौकी का निर्माण कार्य शिलान्यास के करीब एक वर्ष बाद भी पूरा नहीं हो सका है। स्थिति यह है कि निर्माण स्थल पर केवल नींव तैयार कराई गई, लेकिन उसके बाद कार्य आगे नहीं बढ़ा। इससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी और निराशा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला बिरहाना में नई पुलिस चौकी का निर्माण प्रस्तावित था। शिलान्यास के समय स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही चौकी बनकर तैयार हो जाएगी, जिससे पुलिस व्यवस्था मजबूत होगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। लेकिन एक वर्ष बीतने के बावजूद निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है।
गौरतलब है कि प्रस्तावित पुलिस चौकी के सामने ही जिले के चर्चित युवराज सिंह हत्याकांड जैसी बड़ी वारदात हुई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस चौकी की आवश्यकता और अधिक महसूस की गई थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य अब तक पूरा न होने से लोगों में सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि चौकी समय पर बनकर तैयार हो जाती तो पुलिस की नियमित मौजूदगी बढ़ती और अपराधों की रोकथाम में भी मदद मिलती।
निर्माण कार्य में हो रही देरी के संबंध में पाली थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि निर्माण कार्य किन कारणों से रुका हुआ है।
अब क्षेत्रीय लोगों की निगाहें प्रशासन और संबंधित विभाग पर टिकी हैं। लोगों का कहना है कि अधूरी पड़ी पुलिस चौकी का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिल सके।
Bilgram, Hardoi | Jul 24, 2026