*हेडलाइन - छावनी थाने में हिस्ट्रीशीटरों की परेड: थानाध्यक्ष राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने दिलाई अपराध छोड़ने की शपथ, त्यौहारों पर शांति व्यवस्था का दिया निर्देश*
जनपद बस्ती ,उत्तर प्रदेश 19 अक्टूबर 2026
*बस्ती।* जनपद में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक बस्ती श्री ओमवीर सिंह के द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में आज थाना छावनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती श्यामकांत के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह के कुशल निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक थाना छावनी *राणा देवेंद्र प्रताप सिंह* के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के सभी सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों को थाने पर तलब किया गया।
थाना परिसर में सभी हिस्ट्रीशीटरों की परेड कराई गई और उनकी वर्तमान गतिविधियों के बारे में जानकारी ली गई।
इस दौरान थानाध्यक्ष राणा देवेंद्र प्रताप सिंह ने सभी हिस्ट्रीशीटरों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि सभी लोग अपराध से दूर रहें और समाज में सदाचरण बनाए रखें। सभी को कानून व्यवस्था का पालन करने और किसी भी प्रकार की अवैध व आपराधिक गतिविधियों में शामिल न होने की शपथ दिलाई गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आगामी *दुर्गा पूजा, दिवाली एवं छठ महापर्व* को देखते हुए जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसलिए सभी हिस्ट्रीशीटरों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है कि त्यौहारों के दौरान वे कानून का पालन करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी हिस्ट्रीशीटर त्यौहारों के दौरान या भविष्य में किसी भी आपराधिक घटना में संलिप्त पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस की सभी पर पैनी नजर है। थाना छावनी पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में दहशत का माहौल है।
Basti Police
*संवाददाता - हरी ओम प्रकाश*
*राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत, बस्ती*
Basti, Basti | Oct 19, 2026