ग्राम स्वराज किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक संपन्न, विनीत साहु रानिला बने युवा प्रदेश अध्यक्ष
भिवानी, 15 नवंबर : ग्राम स्वराज किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक भिवानी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र तालु एवं लीगल सैल के प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता देवेंद्र श्योराण सोढ़ी ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच का संचालन प्रदेश महासचिव मास्टर रूघबीर भेरा ने किया। इस बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई अहम फैसले लिए गए।
बैठक के दौरान संगठन में नई ऊर्जा का संचार करने के उद्देश्य से ग्राम स्वराज किसान मोर्चा की पूर्व प्रदेश युवा कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया। इसके पश्चात सर्वसम्मति से नई नियुक्तियों की घोषणा की गई, जिसमें विनीत साहु रानिला को ग्राम स्वराज किसान मोर्चा का नया युवा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके साथ ही संगठन के कानूनी पक्ष को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए एडवोकेट मेहर चंद सांगवान को लीगल सेल का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पदभार ग्रहण करते हुए संकल्प लिया कि वे ग्राम स्वराज किसान मोर्चा के मूल उद्देश्यों को प्रदेश के जन-जन तक पहुंचाएंगे और किसान तथा मजदूर वर्ग के हितों एवं अधिकारों की आवाज को पूरी मजबूती के साथ बुलंद करेंगे।
इस अवसर पर ग्राम स्वराज किसान मोर्चा के प्रदेश संगठन महामंत्री राजपाल चाहर ने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसकी युवा शक्ति और मजबूत संरचना होती है। उन्होंने कहा कि विनीत साहु रानिला के युवा प्रदेश अध्यक्ष बनने से प्रदेश भर के युवा किसान और मजदूर संगठन से जुड़ेंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों के हकों की लड़ाई को एक नई धार मिलेगी। राजपाल चाहर ने आगे कहा कि एडवोकेट मेहर चंद सांगवान के लीगल सेल का प्रदेश महासचिव बनने से किसानों और मजदूरों को कानूनी सहायता मिलना और भी आसान हो जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करते हुए संगठन को गांव-गांव और घर-घर तक ले जाने का कार्य करेगी।
बैठक के अंत में संगठन के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर किसान और मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र पाल यादव, दयानंद हवलदार, जंगवीर अलखपुरा, राज सिंह धनाना, ईश्वर आर्य, ईश्वर सिंह बागनवाला, सोनू ग्रेवाल, अधिवक्ता पुष्पा बेडवाल, अधिवक्ता पूजा दहिया, अधिवक्ता विक्रम हालवास भी मौजूद रहे।