*मुख्यमंत्री उड़न दस्ता फरीदाबाद द्वारा जिला फरीदाबाद में बिना वैध डिग्री के क्लीनिक चलाने के संबंध में की गई कार्रवाई*
आज दिनांक 18.08.2026 को मुख्यमंत्री उड़न दस्ता फरीदाबाद को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि गांव चंदावली में राधिका सरोवर के सामने साक्षी क्लीनिक चलाया जा रहा है, जहां बलराज नामक व्यक्ति डॉक्टर बनकर लोगों का इलाज कर रहा है तथा लोगों की जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
उक्त सूचना के संबंध में मुख्यमंत्री उड़न दस्ता व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम तैयार की गई व CMO, फरीदाबाद द्वारा गठित संयुक्त टीम द्वारा स्थानीय पुलिस के साथ गांव चंदावली में राधिका सरोवर के सामने चलाए जा रहे साक्षी क्लीनिक का औचक निरीक्षण किया गया।
मौका पर एक व्यक्ति डॉक्टर की कुर्सी पर बैठा हुआ मिला। उससे पूछताछ करने पर उसने अपना नाम बलराज उर्फ बनवारी लाल, निवासी गांव खेड़ला, जिला पलवल बताया। क्लीनिक/दुकान के बाहर लगे बोर्ड पर “डा. संदीप” लिखा हुआ मिला, लेकिन उक्त डॉक्टर मौके पर उपस्थित नहीं मिला।
क्लीनिक में रखे विजिटिंग कार्ड, रसीद बुक तथा OPD रजिस्टर पर बलराज उर्फ बनवारी लाल के मोबाइल नंबर अंकित मिले। क्लीनिक में विभिन्न प्रकार की अंग्रेजी/एलोपैथिक दवाइयां एवं मेडिकल उपकरण रखे हुए मिले तथा क्लीनिक में 3 बेड भी लगाए हुए थे। बलराज उर्फ बनवारी लाल द्वारा क्लीनिक चलाने एवं मरीजों का इलाज करने के संबंध में कोई वैध मेडिकल डिग्री अथवा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
इस प्रकार, बलराज उर्फ बनवारी लाल द्वारा बिना वैध मेडिकल डिग्री के मरीजों का इलाज करने, स्वयं को डॉक्टर प्रदर्शित करने तथा विजिटिंग कार्ड, बिल बुक आदि पर अपने नाम के आगे डॉक्टर लिखकर मरीजों को भ्रमित करने एवं उनकी जान व स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने के संबंध में डॉक्टर रामनिवास MO BK फरीदाबाद की शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ में आरोपी बलराज उर्फ बनवारी के विरुद्ध अभियोग अंकित किया जा रहा है।