चंद मिनटों की बारिश ने खोली नगर निगम की पोल, बाजार बना गंदे पानी का तालाब
नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहा, राहगीरों और दुकानदारों को झेलनी पड़ी भारी परेशानी
सुरेंद्र ठाकुर / Pangi Live News
चंबा: 04 जून
चंबा शहर में हुई हल्की सी बारिश ने नगर निगम और प्रशासन के दावों की हकीकत सामने ला दी। बारिश शुरू होते ही बाजार में नालियां उफान पर आ गईं और गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा। चौक के पास हालात ऐसे बन गए कि नालियों का सारा कचरा और गंदगी सड़क पर जमा हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में बदबू फैल गई।
सबसे अधिक परेशानी पैदल चलने वाले लोगों और दुकानदारों को उठानी पड़ी। सड़क पर बह रहे गंदे पानी के बीच से गुजरते वाहनों ने राहगीरों के कपड़ों तक को गंदा कर दिया। लोगों का कहना है कि यह कोई नई समस्या नहीं है, बल्कि हर बारिश में यही नजारा देखने को मिलता है। इसके बावजूद नगर निगम और प्रशासन समस्या के स्थायी समाधान की ओर कोई गंभीर कदम उठाता नजर नहीं आता।
हैरानी की बात यह है कि यदि जिला मुख्यालय के मुख्य बाजार का यह हाल है, तो शहर के आसपास के मोहल्लों और वार्डों की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। करोड़ों रुपये विकास और सफाई व्यवस्था पर खर्च होने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत पहली बारिश में ही सामने आ जाती है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम से पहले नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था और जिम्मेदारी तय करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि हर बारिश के साथ लोगों को इस परेशानी का सामना न करना पड़े।
#muncipalcouncilchamba
#RainExposesReality
#DrainageFailure
#WaterLogging
#PublicIssues
#GroundReality
#CivicNegligence
#MonsoonProblems
#HimachalNews
#VoiceOfPeople
#AccountabilityMatters
#BadhaalVyavastha
#RainAndReality
#JanataPoochRahiHai
#SystemFailure
Chamba, Chamba | Jun 4, 2026