सावधान रहें, सुरक्षित रहें: रूद्रप्रयाग प्रशासन की अपील!
रुद्रप्रयाग में बारिश बनी आफत, अलकनंदा उफान पर,
हाईवे से लेकर पैदल मार्ग तक बढ़ा खतरा,,
रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जनजीवन पर भारी पड़ने लगी है। पहाड़ों में हो रहे भूस्खलन और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। एक ओर बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सिरोबगड़ और खांकरा क्षेत्र में बार-बार बाधित हो रहा है, तो दूसरी ओर ग्रामीण संपर्क मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को कई किलोमीटर पैदल चलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
लगातार बारिश के कारण मां अलकनंदा नदी पूरे उफान पर बह रही है। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के चलते तटों पर बने अधिकांश घाट जलमग्न हो चुके हैं। रुद्रप्रयाग शहर के बेलनी पुल के नीचे स्थापित भगवान शिव की प्रतिमा तक भी नदी का पानी पहुंच गया है। प्रतिमा के गले तक पानी आने से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है और नदी का रौद्र रूप साफ दिखाई दे रहा है।
लगातार खराब मौसम का असर श्री केदारनाथ धाम यात्रा पर भी साफ नजर आ रहा है। पिछले दिनों जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु धाम पहुंच रहे थे, वहीं अब प्रतिदिन लगभग एक हजार के आसपास ही यात्री केदारनाथ पहुंच पा रहे हैं। बारिश और भूस्खलन की आशंका के बीच यात्रा मार्ग पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
गौरीकुंड से केदारनाथ धाम तक पैदल मार्ग पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। जवान लगातार यात्रियों को सतर्क रहने और संवेदनशील स्थानों से सावधानीपूर्वक गुजरने की सलाह दे रहे हैं। इसके बावजूद कई श्रद्धालु जोखिम उठाकर यात्रा पूरी कर रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
सावधानी ही सुरक्षा है। बारिश के इस दौर में थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। #facebookreels #views1m #weather #rain #garhwal #uttarakhand #rudraprayag