इंटर की छात्रा का सुसाइड नोट मिलने के बाद यमुना नदी में कूदने की आशंका, दोनों जिलों की पुलिस तलाश में जुटी
यमुना पुल पर मिला बैग, जूते और कथित सुसाइड नोट; एसडीआरएफ को दी गई सूचना
छात्रा की तलाश जारी, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी
फतेहपुर/बांदा। जनपद के किशनपुर थाना क्षेत्र स्थित यमुना पुल पर एक इंटरमीडिएट की छात्रा के कथित सुसाइड नोट, जूते और अन्य सामान मिलने के बाद उसके नदी में कूदने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर और बांदा जनपद की पुलिस मौके पर पहुंची तथा छात्रा की तलाश के लिए एसडीआरएफ को भी सूचना दी गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रा की उम्र लगभग 19 वर्ष बताई जा रही है और वह बांदा जनपद के कठार गांव की निवासी है। परिजनों के अनुसार छात्रा के लापता होने के बाद उसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान यमुना पुल पर उसका सामान और एक कथित सुसाइड नोट मिलने से हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और उपलब्ध साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। एसडीआरएफ एवं स्थानीय गोताखोरों की सहायता से यमुना नदी में छात्रा की तलाश जारी है। समाचार लिखे जाने तक छात्रा का कोई पता नहीं चल सका था।
पुलिस का कहना है कि कथित सुसाइड नोट की सत्यता, छात्रा के नदी में कूदने की परिस्थितियों तथा अन्य सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।