*जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के साथ की समीक्षात्मक बैठक*
*पोलियो को लेकर हुई टास्क फोर्स की गहन समीक्षा,दिए गए कई निर्देश*
पूर्वी चंपारण में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिलाधिकारी ने बड़ा एक्शन लिया है। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान लापरवाही पर अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया, वहीं सदर अस्पताल का निरीक्षण कर साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
आज डीएचएस स्थित आरोग्य सदन (पंडित दीनदयाल उपाध्याय भवन) में जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति के साथ-साथ जिला पोलियो टास्क फोर्स की गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पकड़ीदयाल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उनसे स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। वहीं, ढाका प्रखंड में नियमित टीकाकरण की कम उपलब्धि पर भी संबंधित प्रभारी से जवाब-तलब करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के बाद जिलाधिकारी ने सदर अस्पताल पहुंचकर आईसीयू और पीकू वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, जैव चिकित्सा कचरे के उचित निष्पादन तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और टीकाकरण सहित सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
इस बैठक में सिविल सर्जन, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला अनुश्रवण पदाधिकारी, जिला योजना समन्वयक, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक के अलावा डब्लूएचओ ,पीएसआई तथा पिरामल C3 के जिला प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Bihar Health Department