छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा आज अमरपुर प्रखंड स्थित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित छठ पूजा समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा सर्वप्रथम अमरपुर प्रखंड स्थित चंद्रसार पोखर छठ घाट का निरीक्षण किया गया। पोखर में पानी की गहराई को देखते हुए उन्होंने खतरनाक स्थलों पर बैरिकेडिंग करने तथा लाल झंडे लगाकर श्रद्धालुओं को सतर्क करने का निर्देश दिया। घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रकाश व्यवस्था के लिए उच्च गुणवत्ता वाले विद्युत तारों का उपयोग करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को घाट पर कंट्रोल रूम स्थापित करने, पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्थानीय गोताखोरों एवं आपदा मित्रों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, बांका को घाटों पर की जा रही व्यवस्थाओं का लगातार पर्यवेक्षण करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि छठ पूजा के दौरान घाटों पर काफी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में बच्चों के गुम होने अथवा अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसको ध्यान में रखते हुए पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार जागरूकता संदेश प्रसारित करने तथा श्रद्धालुओं को अपने बच्चों के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया।
इसके पश्चात जिला पदाधिकारी द्वारा रायपोखर छठ घाट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाट पर बैरिकेडिंग, साफ-सफाई एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संबंधित छठ पूजा समिति को निर्देशित किया।
जिला पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट किया गया कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता श्रद्धालुओं की सुरक्षा है, ताकि सभी लोग सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में अपने पर्व-त्योहार का आयोजन कर सकें।
अंत में जिला पदाधिकारी द्वारा कुल्हड़िया स्थित काली मंदिर का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में भीड़-भाड़ को नियंत्रित करने, साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा विधि-व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस संबंध में उन्होंने संबंधित थाना अध्यक्ष को आवश्यक कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया।
जिला प्रशासन द्वारा छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
118 views | Banka, Bihar | Nov 4, 2026