अररिया, 28 अक्टूबर 2026
नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिला स्तरीय NCORD बैठक आयोजित, अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
जिला पदाधिकारी, अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में Narcotics Coordination Centre (NCORD) की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने, नशा उन्मूलन के लिए जन-जागरूकता बढ़ाने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्रवाई तेज करने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने जिला औषधि निरीक्षक को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य विभाग, पुलिस एवं मद्यनिषेध विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर औषधि केंद्रों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें। वहीं पूर्व बैठक में दिए गए निर्देश पर मद्यनिषेध विभाग द्वारा सोनापुर एवं सिकटी में SSB की 52वीं वाहिनी द्वारा चिह्नित स्थलों पर CCTV कैमरे लगाए जाने की जानकारी दी गई।
SSB, बथनाहा एवं अररिया को पुलिस विभाग के सहयोग से सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर गिरफ्तारी एवं जब्ती की कार्रवाई करने तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त मुख्य माफियाओं की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, पुलिस विभाग को नशीले पदार्थों से संबंधित मामलों में गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध समयबद्ध अनुसंधान पूरा कर न्यायालय में अंतिम आरोप पत्र समर्पित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने पुलिस विभाग, मद्यनिषेध विभाग, आईबी एवं SSB सहित सभी संबंधित एजेंसियों को नशे के विरुद्ध प्रचार-प्रसार में व्यापक सहयोग करने का निर्देश दिया। पंचायत स्तर पर पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से भी नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी अररिया, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 52वीं वाहिनी अररिया एवं 56वीं वाहिनी बथनाहा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला औषधि निरीक्षक, विशेष शाखा पुलिस पदाधिकारी, तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
नशे की मार से जीतेगा बिहार,
अररिया ने ठाना नशे को है जड़ से मिटाना।
जिला प्रशासन अररिया
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#samratchoudhary
#CMSamrat
21 views | Araria, Bihar | Oct 29, 2026