खिजरसराय के मध्य विद्यालय लोदीपुर में चला 'जल-जीवन-हरियाली' अभियान, पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
खिजरसराय (गया)। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से खिजरसराय प्रखंड के मध्य विद्यालय लोदीपुर में मंगलवार को जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत भव्य पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी डॉ. अभय कुमार रमन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर डॉ. अभय कुमार रमन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के आधार हैं। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, हरियाली और स्वच्छ पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने छात्रों से अपने जन्मदिन, राष्ट्रीय पर्व और अन्य विशेष अवसरों पर पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के इको क्लब से जुड़े छात्र-छात्राओं ने "एक पेड़ मां के नाम", "पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ" और "जल है तो कल है" जैसे नारों के साथ जागरूकता रैली निकालकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों के उत्साह और सहभागिता ने पूरे कार्यक्रम को प्रेरणादायी बना दिया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक महेंद्र प्रताप ने कहा कि विद्यालय में समय-समय पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित हो सके। उन्होंने सभी छात्रों से लगाए गए पौधों की देखभाल करने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक धर्मेंद्र कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पौधरोपण के साथ कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।