#भरतपुर। जिला मुख्यालय स्थित पशुपालन विभाग के पॉलिक्लिनिक में सोमवार को मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने निरीक्षण कर पशुओं के इलाज की व्यवस्थाओं और लम्पी स्किन डिजीज के रोकथाम व उपचार की प्रक्रिया का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान उन्होंने बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय तथा क्षेत्रीय रोग निदान प्रयोगशाला का दौरा कर गाय, भैंस और श्वान सहित विभिन्न पशुओं के लिए उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, बीमार पशुओं के सैंपल कलेक्शन एवं लैब जांच की प्रणाली की गहन समीक्षा की। मुख्य सचिव ने लम्पी रोग से पीड़ित गोवंश के नियमित इलाज और रोग के प्रसार को रोकने के लिए किए जा रहे विभागीय प्रयासों को देखा तथा चिकित्सालय की स्वच्छता व व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। उन्होंने अधिकारियों को पशुपालकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ देने और उन्हें उन्नत नस्ल के पशुपालन के लिए निरंतर प्रेरित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलक्टर कमर चौधरी, पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. सुरेशचन्द्र मीना, संभागीय अतिरिक्त निदेशक डॉ. खुशीराम मीना, संयुक्त निदेशक डॉ. मनोज कुमार और उपनिदेशक डॉ. राजीव सिंघल सहित विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।