#भरतपुर। जिले के क्रिकेट इतिहास में पहली बार एक साथ तीन होनहार खिलाड़ियों का चयन रणजी ट्रॉफी के लिए राजस्थान की 15 सदस्यीय टीम में हुआ है। बीसीसीआई द्वारा 11 अक्टूबर से शुरू हो रही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए राजस्थान चयन समिति ने टीम की घोषणा की, जिसमें भरतपुर के 21 वर्षीय बल्लेबाज कार्तिक शर्मा, 23 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकाश सिंह और 21 वर्षीय तेज गेंदबाज चेतन शर्मा ने अपनी जगह बनाई है। इसके अलावा भरतपुर के ही तेज गेंदबाज मोहित गुप्ता को सुरक्षित खिलाड़ी (स्टैंडबाय) के रूप में चुना गया है। जिला क्रिकेट संघ सचिव शत्रुध्न तिवारी ने बताया कि राजस्थान की टीम अपना पहला मुकाबला 11 अक्टूबर से एसएमएस स्टेडियम जयपुर में तमिलनाडु के खिलाफ खेलेगी। चयनित खिलाड़ियों का ट्रैक रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। कार्तिक शर्मा इससे पहले रणजी, विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेल चुके हैं और आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे हैं। आकाश सिंह पिछले पांच सालों से आईपीएल की विभिन्न टीमों में खेलने के साथ-साथ राज्य स्तर की प्रमुख ट्रॉफियों में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। वहीं युवा गेंदबाज चेतन शर्मा इंडिया अंडर-19, एशिया कप और वर्तमान में रेस्ट ऑफ इंडिया अंडर-23 टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिला क्रिकेट संघ भरतपुर के कार्यालय में पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने मिठाइयां बांटकर और मालाएं पहनाकर अपनी खुशी जाहिर की तथा तीनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।