देहरादून: राजधानी के डालनवाला क्षेत्र में सोमवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) की टीम एक कथित अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई करने पहुंची। कार्रवाई के दौरान जमीन मालिकों और फ्लैट मालिकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे व डंडे चले। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।
बताया जा रहा है कि MDDA की कार्रवाई को लेकर दोनों पक्षों में पहले से ही तनाव था। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।