शामली के सिंगर अंकित हत्याकांड के आरोपी ने फिर धमकाया:पोस्ट में लिखा- जिस दिन हमारा माथा चटकेगा, 500-700 गोलियां चलेंगी
शामली में सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद से लगातार आरोपियों की सोशल मीडिया पर पोस्ट सामने आ रही है। शनिवार दोपहर फरार आरोपी सत्यम कादयान की इंस्टाग्राम आईडी से फिर रील पोस्ट की गई है।
आरोपी रील में कह रहा है… ‘दो और कत्ल होंगे’। घर के बाहर 500-700 गोलियां चलेंगी। पोस्ट में आरोपी यह बोलते हुए सुनाई दे रहा ‘जिस दिन हमारा माथा चटकेगा, उस दिन जिंदगी हिलेगी’ और ‘किसी से डरते नहीं हैं’ हैं। पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी की जांच शुरू कर दी है।
अगस्त की शाम 32 साल के सिंगर अंकित बालियान शामली में जिम करके निकले थे। इसी दौरान हमलावरों ने उन्हें घेरकर 18 राउंड फायरिंग की। गोली लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। पुलिस दो आरोपियों मोहित और सुमित का एनकाउंटर कर चुकी है। वहीं दो आरोपी सत्यम और आर्यन फरार हैं। इन पर पुलिस ने एक लाख का इनाम रखा है।
एक लाख रुपए के इनामी शार्प शूटर सत्यम इससे पहले भी रील के जरिए धमका चुका है। इसमें उसने कहा था- आने वाले समय में भाई दो मर्डर होंगे, ठीक है। और कोई उन्हें बचा सकता हो तो बचा लेना भाई। मारेंगे तो मारेंगे भाई, छोड़ेंगे नहीं। अब फिर उसकी आईडी से वीडियो पोस्ट कर धमकाया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हत्याकांड के साथ सामने आ रहे नए कनेक्शन
अंकित हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, पुलिस को नए कनेक्शन मिल रहे हैं। पुलिस फरार दो शार्प शूटरों तक पहुंचने के लिए जेल से लेकर सोशल मीडिया और हरियाणा से बिहार तक नेटवर्क को खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक, एनकाउंटर में मारे गए आरोपी मोहित और सुमित ने दिल्ली से करीब 4,500 रुपए में GPS खरीदा था।
कार में लगाया जीपीएस, लेकिन नहीं हुआ चालू
पुलिस के अनुसार, दोनों शूटरों ने 20 अगस्त को GPS कार में लगाया था, लेकिन वह चालू नहीं हो सका। पुलिस ने GPS बेचने वाले दुकानदार से भी पूछताछ की है। फिलहाल जांच में दुकानदार की कोई भूमिका सामने नहीं आई है।
गोगी गिरोह के नेटवर्क में महिला समेत तीन की भूमिका
पुलिस का कहना है कि जांच में गोगी गिरोह से जुड़े नेटवर्क में एक महिला समेत 3 लोगों की भूमिका सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, करनाल जेल में बंद राकेश उर्फ पंपू ने सोनीपत और पानीपत की रहने वाली एक महिला समेत दो अन्य लोगों के जरिए शार्प शूटरों से संपर्क कराया था।
5-5 लाख रुपए में हत्या की डील का आरोप
पुलिस के अनुसार, महिला समेत तीनों लोगों ने शूटरों से 5-5 लाख रुपए में हत्या की डील कराने में भूमिका निभाई। आरोप है कि पंपू के कहने पर ये लोग जेल भी पहुंचे थे। अब पुलिस जेल के रिकॉर्ड और मुलाकात से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, जांच में महिला और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका सामने आई है। उन्हें मामले में आरोपी बनाया जाएगा। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।
एनकाउंटर में मारे गए आरोपी मोहित और सुमित ने दिल्ली से करीब 4,500 रुपए में GPS खरीदा था।
रेकी के तार शामली तक पहुंचने का शक
पुलिस को अंकित की हत्या से पहले रेकी करने वाले दो अन्य शामली के लोगों पर भी शक है। अब तक छह लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। पुलिस पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शूटरों को अंकित की गतिविधियों, आने-जाने और ठिकानों की जानकारी किसने दी।
सत्यम-आर्यन की तलाश में बिहार कनेक्शन खंगाला
फरार आरोपी सत्यम कादयान और आर्यन संधू के बिहार कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, दोनों पूर्णिया जिले के धमदाहा और नीरपुर गांव में रुके थे। यहां एक युवती ने उनकी मदद की थी।
अंकित के घर के बाहर परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
युवती की सत्यम से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी
पुलिस युवती और उसके परिजनों से पूछताछ कर चुकी है। बताया गया कि युवती की सत्यम से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। बाद में दोनों वहां से चले गए।दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस ने पटना पुलिस से भी सहयोग मांगा है। ऐसे में अंकित हत्याकांड की जांच शामली से हरियाणा और दिल्ली होते हुए बिहार तक पहुंच गई है।
एसपी के मुताबिक, करनाल जेल में बंद राकेश उर्फ पंपू और तिहाड़ जेल में बंद सोनीपत निवासी रोहित को रिमांड पर लेने के लिए सोमवार को कोर्ट में अर्जी दाखिल की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि दोनों से पूछताछ में शूटरों से संपर्क, हत्या की डील और पूरे नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।