पलवल में चलती स्कॉर्पियो और बलेनो से स्टंट...
गदपुरी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर चलती स्कॉर्पियो और बलेनो कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर युवकों के स्टंट करने का वीडियो सामने आया है। गांव बघोला के पास बनाए गए वीडियो में युवक पर्चे उड़ाते नजर आ रहे हैं। वीडियो के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया। उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया, जबकि दोनों कारों को इंपाउंड कर लिया गया है।
बघोला चौकी प्रभारी सतबीर के अनुसार, स्टंटबाजी का वीडियो मिलने के बाद पुलिस ने वाहनों और युवकों की पहचान शुरू की। जांच में सामने आया कि इनमें से अधिकतर युवक कॉलेज में पढ़ते हैं और एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, युवक पृथला गांव में अपने एक दोस्त के घर जा रहे थे। उनका दोस्त किसी चुनाव में जीत हासिल कर चुका था और वे उसकी जीत का जश्न मनाने जा रहे थे। इसी दौरान युवकों ने हाईवे पर चलती कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट किए और पर्चे उड़ाए।
वीडियो 29 सितंबर का बताया जा रहा है। पुलिस ने जांच के बाद मोहन नगर, हुडा सेक्टर-2 और पृथला निवासी तीन युवकों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, उन्होंने गलती स्वीकार कर माफी मांगी और भविष्य में ऐसा नहीं करने की बात कही।
पुलिस ने तीनों को चेतावनी देकर छोड़ दिया। हालांकि, स्टंट में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और बलेनो को इंपाउंड कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि हाईवे पर इस तरह की लापरवाही से युवकों के साथ दूसरे वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।