नितिन शर्मा के गीतों पर देर रात तक झूमते रहे युवा
इंडियन आइडल फेम गायक ने बरमाणा गुग्गा मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बांधा समां, हिमाचली व पंजाबी गीतों से दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
बरमाणा गुग्गा मेला उत्सव-2026 की दूसरी एवं अंतिम सांस्कृतिक संध्या इंडियन आइडल फेम गायक नितिन शर्मा के नाम रही। नितिन शर्मा ने मंच पर पहुंचते ही गुग्गा जाहरवीर को नमन किया और ‘राधे-राधे’ का जाप करते हुए पंजाबी, देशभक्ति व फिल्मी गीतों की ऐसी शानदार प्रस्तुतियां दीं कि देर रात तक युवा उनके गीतों पर झूमते रहे।
इससे पहले स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। भूरी सिंह, पहाड़ी गायिका सुनीता ठाकुर, आशुतोष रघुवंशी सहित कई कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। आशुतोष रघुवंशी ने ‘वो अजनबी बन गए’ गीत प्रस्तुत किया। वहीं हिमाचल के प्रसिद्ध गायक सुरेश वर्मा ने ‘छड़ चरखे दा प्यार कूड़े’, ‘असा आऊणा नी बारो-बार’, ‘दो गल्लां तेरीयां सुनियां’ और ‘इक गल मेरी सुनी जा’ जैसे गीतों से खूब तालियां बटोरीं।
नितिन शर्मा ने ‘हरे कृष्णा हरे कृष्णा’, ‘इशारों बुलाई से बुला गई रे बरसाने की छोरी’, ‘ऐसा डमरू बजाया भोलेनाथ ने’, ‘दमादम मस्त कलंदर’, ‘हो लाल मेरी पत रखियो’, ‘इश्क तेरा चढ़या’, ‘मेरी जिंदगी सवारी’ और ‘तुम्हें दिल की लगानी पड़ेगी’ सहित कई लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियां देकर माहौल को संगीतमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उदय तिवारी ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अशोक ठाकुर ने की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक संध्या का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान सभी कलाकारों को सम्मानित किया गया। विशेष अतिथि के रूप में एससी ट्रांसपोर्ट के एमडी शमशेर चंद गौतम, व्यावसाई अखिल ,अजय तथा गगन शर्मा उपस्थित रहे। मंच संचालन समिति के सचिव संजीव भारद्वाज ने बखूबी से निभाते हुए सभी अतिथियों व दर्शकों का अपने प्रभावशाली और मनमोहक शब्दों से स्वागत किया ।
मेला उत्सव समिति के प्रधान सतीश ठाकुर सहित अन्य सदस्यों ने नितिन शर्मा का हिमाचली टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। नितिन शर्मा की प्रस्तुति के दौरान पूरा पंडाल तालियों और संगीत की गूंज से सराबोर रहा तथा युवाओं ने देर रात तक जमकर नृत्य किया।
Dharmpur, Mandi | Sep 13, 2026