शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने सीखी मंच संचालन और नेतृत्व की बारीकियां
===================================
इंदिरा गांधी शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय धरमटेकरी में आज शिक्षक दिवस का आयोजन इस बार पारंपरिक समारोह के बजाय वर्कशॉप के रूप में किया गया। मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट (एमओएम) एवं कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसई) के विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में मंच संचालन, कार्यक्रम प्रबंधन और नेतृत्व कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन श्री हर्षित विश्वकर्मा, कनिष्क, भूमिका गुप्ता, पूर्व यादव, महक कुरैशी, शौर्य मानकर, पुष्कर मालवी, दामिनी विश्वकर्मा एवं ख्वाहिश खान ने किया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने से लेकर मंच संचालन तक की जिम्मेदारियां स्वयं संभालीं।
संस्था के प्राचार्य डॉ. आलोक कुमार यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पहल करने से नेतृत्व का गुण विकसित होता है। किसी भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उसकी रूपरेखा तैयार कर व्यवस्थित एवं संगठित तरीके से कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किताबें पढ़ने से शब्द भंडार और भाषा शैली विकसित होती है। वर्तमान समय में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और विभिन्न गैजेट्स लेखन शैली को विकसित करने के उपयोगी माध्यम हैं, लेकिन विद्यार्थियों की मौलिकता उनके अपने विचारों और भावनाओं में निहित है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने विचारों एवं भावनाओं को निरंतर उन्नत करने का आह्वान किया।
अपने विद्यार्थी जीवन के संस्मरण साझा करते हुए डॉ. यादव ने बताया कि विद्यालय के दिनों में मंच संचालन की कला में दक्षता उन्हें अपने स्वर्गीय प्राचार्य से मिली, जबकि लेखन क्षमता विकसित करने में उनके स्कूली शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस दौरान उन्होंने अपने शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
एमओएम विभागाध्यक्ष श्रीमती नीलम खासकलम ने अपने जीवन में शिक्षकों के योगदान को याद करते हुए कहा कि अच्छा गुरु मिलना भाग्य की बात है, लेकिन अच्छे शिष्य मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का प्रेम, आत्मीयता और सम्मान उनके लिए बेहद भावुक करने वाला है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए क्विज का भी आयोजन किया गया। सीएसई विभाग की अतिथि व्याख्याता श्रीमती ममता बघेल ने क्विज का संचालन किया, जिसमें तमन्ना भलावी और भावना विजेता रहीं।
इस अवसर पर श्रीमती ओम कटकवार, श्रीमती शाइस्ता मंसूरी, श्रीमती स्वाति चौरसिया, श्री राधेश्याम सनोदिया एवं श्रीमती अर्चना तिवारी उपस्थित थीं। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस को केवल सम्मान समारोह तक सीमित न रखते हुए इसे सीखने और व्यावहारिक कौशल विकसित करने की कार्यशाला के रूप में आयोजित किया। इससे विद्यार्थियों ने मंच संचालन, कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने, समन्वय, प्रस्तुतीकरण और नेतृत्व जैसी महत्वपूर्ण व्यावहारिक बारीकियां सीखीं।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh