"दास्तां खुशियों की"
जुन्नारदेव के चोरडोंगरी में नवीन 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेंद्र का निर्माण पूर्ण, उपकेंद्र हुआ ऊर्जीकृत
===============================================================
मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी लिमिटेड, वृत्त छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव संभाग के अंतर्गत विद्युत वितरण केन्द्र नवेगांव में 33/11 के. व्ही. उपकेंद्र चोरडोंगरी का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर उपकेंद्र को ऊर्जीकृत (चार्ज) कर दिया गया है।
इस उपकेंद्र का निर्माण मध्यप्रदेश शासन की आरडीएसएस योजना के अंतर्गत लगभग 2.72 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। नवीन उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति के लिए चोरडोंगरी, सूखाढाना, बेड़ाढाना, धाकरवाड़ी, सिमरिया सागर, निमोटी, नागदेव और मण्डला सहित कुल 11 ग्रामों को जोड़ा गया है। पूर्व में इन ग्रामों को दूरस्थ उपकेंद्रों से विद्युत आपूर्ति प्रदान की जाती थी। अधिक दूरी के कारण इन क्षेत्रों में वोल्टेज की समस्या निरंतर बनी रहती थी। नवीन 33/11 के. व्ही. उपकेंद्र के ऊर्जीकृत होने से क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति प्रदान की जा रही है।
उपकेंद्र के चार्ज होने से इन 11 ग्रामों तथा आस-पास के क्षेत्रों के लगभग 860 घरेलू, 60 गैर-घरेलू तथा 20 औद्योगिक कनेक्शनों को निर्बाध व गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुलभ हो गई है। इसके अतिरिक्त रबी फसल के दौरान क्षेत्र के लगभग 750 कृषि उपभोक्ताओं को कृषि कार्य हेतु उच्च गुणवत्ता एवं बेहतर वोल्टेज की विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो सकेगी। नवीन उपकेंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता में सुधार तथा उपभोक्ताओं को वोल्टेज संबंधी समस्याओं से राहत मिल गई है।
विद्युत विभाग के इस कार्य पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा हर्ष व्यक्त किया गया है। ग्राम पंचायत चोरडोंगरी की सरपंच श्रीमती अनीता, ग्राम पंचायत धाकरवाड़ी की सरपंच श्रीमती सुनीता उईके और सिमरिया सागर के जनप्रतिनिधि श्री केदार यदुवंशी का कहना है कि सुचारू बिजली मिलने से किसानों को रबी फसल, छात्रों की पढ़ाई और छोटे उद्योगों को नई गति मिलेगी। लाभान्वित ग्रामवासियों द्वारा भी गुणवत्तापूर्ण विद्युत सप्लाई मिलने पर विद्युत विभाग के इस कदम की सराहना की जा रही है।