🔴 बुडको के सड़क व नाला निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच की मांग
➖➖➖➖➖➖➖➖➖➖
मधेपुरा : मधेपुरा नगर परिषद क्षेत्र में बुडको की ओर से कराए जा रहे सड़क एवं नाला निर्माण कार्यों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नगर परिषद की पूर्व वार्ड पार्षद सह नगर परिषद की पूर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी कुमारी विनिता भारती ने जिलाधिकारी अभिषेक रंजन दंडाधिकारी को तीन अलग-अलग आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। कुमारी विनीता भारती ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों के पालन, भुगतान प्रक्रिया एवं नगर परिषद की बोर्ड बैठक से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराने का आग्रह किया है।
कुमारी विनीता भारती ने नगर परिषद क्षेत्र में बुडको द्वारा कराए जा रहे सड़क एवं नाला निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों के उल्लंघन व अनियमितता की आशंका जताई है। आवेदन में कहा गया है कि कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य स्वीकृत डीपीआर, बीओक्यू, तकनीकी स्पेसिफिकेशन, ड्राइंग एवं अनुमान के अनुरूप नहीं होने की शिकायत है। सड़क निर्माण में निर्धारित मोटाई, चौड़ाई, गहराई, बेस व सब-बेस, पीसीसी एवं कंक्रीट की गुणवत्ता के साथ निर्माण सामग्री एवं ड्रेनेज व्यवस्था की स्थल पर जांच कराने की मांग की गई है।
कुमारी विनीता भारती ने प्रशासन से एडमिनिस्ट्रेटिव अप्रूवल, टेक्निकल सेक्शन, डीपीआर, बिओक्यू, टेंडर डाक्यूमेंट, वर्क आर्डर, एग्रीमेंट, मेजरमेंट बुक, क्वालिटी टेस्ट रिपोर्ट, रनिंग बिल्स एवं भुगतान अभिलेखों का वास्तविक स्थल-कार्य से मिलान कराया जाए। जरूरत पड़ने पर कोर कटिंग एवं प्रयोगशाला जांच कराने की भी मांग की गई है। आवेदन में कहा गया है कि यदि जांच में घटिया निर्माण, गलत माप या अधिक भुगतान जैसी गड़बड़ी सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
कुमारी विनीता भारती ने आवेदन में नगर परिषद के वार्ड नंबर दो में पीसीसी सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाया गया है। आवेदन के अनुसार चंद्रिका पब्लिक स्कूल से विमल यादव के घर तक सड़क निर्माण कराया गया है। स्थानीय स्तर पर निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर पीसीसी सड़क की मोटाई करीब चार इंच या उससे कम होने का दावा किया गया है। कुमारी विनीता भारती ने स्वीकृत प्राक्कलन में निर्धारित मोटाई की वास्तविक स्थिति जानने के लिए स्वतंत्र तकनीकी टीम से सड़क की लंबाई, चौड़ाई, मोटाई, बेस-सब-बेस और कंक्रीट की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। इसके लिए आवश्यक स्थानों पर कोर कटिंग कराने का भी अनुरोध किया गया है।
कुमारी विनीता भारती ने आवेदन में नगर परिषद की बोर्ड बैठक में कथित प्रक्रियागत अनियमितता का मामला उठाया गया है। आवेदन में बिहार नगरपालिका अधिनियम 2007 के तहत बैठक की सूचना, कार्यसूची, कोरम, पार्षदों की उपस्थिति, मतदान एवं कार्यवाही की जांच की मांग की गई है। साथ ही संबंधित बैठक के नोटिस, लिस्ट आफ बिजनेस, अटेंडेंस रजिस्टर, क्वोरम, मिनट्स, रेजोल्यूशन रजिस्टर एवं वोटिंग रिकॉर्ड का सत्यापन कराने को कहा गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि निर्वाचित वार्ड पार्षद के स्थान पर उनके पुत्र द्वारा बोर्ड बैठक में प्रतिनिधि के रूप में भाग लेने की बात सामने आई है। इस संबंध में उपस्थिति, हस्ताक्षर, प्रस्ताव एवं मतदान प्रक्रिया की वैधानिकता की जांच कराने की मांग की गई है। उन्होंने जरूरत पड़ने पर वीडियो या सीसीटीवी फुटेज से भी इसका सत्यापन कराने का आग्रह किया है।
कुमारी विनीता भारती ने स्पष्ट किया है कि आवेदन किसी व्यक्ति को पहले से दोषी ठहराने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि सरकारी राशि से हो रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए दिया गया है। उन्होंने जांच पूरी होने तक संदिग्ध या दोषपूर्ण कार्यों से संबंधित भुगतान पर रोक लगाने व जांच में गड़बड़ी प्रमाणित होने पर जिम्मेदार अधिकारियों, संवेदकों एवं अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ विभागीय व कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
📹 Murari Singh मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times