जमुई:बिहार सरकार के सफल 100 दिन पूरे होने पर जमुई में समारोह का भव्य आयोजन
राज्य में नई सरकार के गठन के सफल 100 दिन पूरे होने के शुभ अवसर पर संवाद कक्ष में भव्य जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी नवीन, अपर समाहर्ता और जिला पंचायत राज पदाधिकारी सहित प्रशासन के सभी वरीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण देखा तथा जमुई को प्रगति, सुशासन और जन-सेवा की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उक्त जानकारी प्रेस रिलीज जारी कर शनिवार की शाम 6 बजे दी गई है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने विगत 100 दिनों के दौरान जन-समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था कायम करने हेतु जिला प्रशासन की पूरी टीम द्वारा किए गए समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नई सरकार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पिछले 100 दिनों की सफलताएँ जमुई के सर्वांगीण विकास और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में एक सुखद पड़ाव मात्र हैं। इसी निरंतरता, ऊर्जा और संवेदनशीलता को बनाए रखते हुए जिले के समग्र विकास और हर नागरिक के समस्याओं का त्वरित और गुणवत्ता पूर्ण समाधान करना जिला प्रशासन का प्राथमिकता है।
आगे जिला पदाधिकारी ने जमुई की पृष्ठभूमि का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पावन भूमि अतीत में नक्सलवाद और पिछड़ेपन की विषम चुनौतियों से प्रभावित रही है, किंतु अब समय आ चुका है कि विकास की मुख्यधारा से जुड़कर एक सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध जमुई का निर्माण किया जाए। आगे उन्होंने जिला प्रशासन के भावी प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए उन्होंने बताया कि कुंड घाट के समीप स्थायी हेलीपैड का निर्माण कर बिहार सरकार की महत्त्वाकांक्षी 'हेली टूरिज्म' योजना से जमुई को सीधे जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा। पर्यटन और स्थानीय पहचान को उद्योग का रूप देने के लिए 'जैन सर्किट' तथा 'रामायण सर्किट' के अंतर्गत विशेष कार्ययोजना तैयार कीजा रही है जिसके तहत गिद्धेश्वर वन क्षेत्र एवं लछुआर स्थित धार्मिक व प्राकृतिक स्थलों को स्थानीय संस्कृति, खान-पान और रहन-सहन के साथ एकीकृत किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा "जमुई: सेवा, समर्पण और संकल्प के 100 दिन" नामक विशेष स्मारिका का विमोचन किया गया। इस पत्रिका में नई सरकार के नेतृत्व में जिले में चलाए जा जन-कल्याणकारी अभियानों, फ्लैगशिप कार्यक्रमों, प्रशासनिक पहलों और धरातल पर उतरी सफलता और इस दिशा में जिले की उपलब्धियों को प्रकाशित किया है।
प्रशासन की जन-संवेदना और सामाजिक न्याय की प्रतिबद्धता को साकार करते हुए इस कार्यक्रम में जमुई अंचल के 27 अत्यंत निर्धन एवं भूमिहीन परिवारों को वास-भूमि का आधिकारिक पर्चा प्रदान कर उन्हें सम्मानपूर्वक आवास का अधिकार सौंपा गया। #jamuitopnews #jamuibihar #zilaprashasan
Jamui, Jamui | Jul 26, 2026