लोदीपुर में तीन दिन में पूरे होंगे जल जीवन मिशन के शेष कनेक्शन
अपर जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, ग्रामीणों से नल की टोटियां सुरक्षित रखने की अपील
हमीरपुर। विकासखंड मुस्करा के लोदीपुर गांव में जल जीवन मिशन के तहत संचालित पुनर्गठन पेयजल योजना का अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) विजय सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी अशोक कुमार के निर्देशन में हुए निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को शेष कार्य तीन दिन में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि गांव में योजना के तहत करीब 70 से 80 पेयजल कनेक्शन लगाए जाने शेष हैं। इन्हें आगामी तीन दिनों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में श्री हरि इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड की ओर से कार्य कराया जा रहा है। कार्य पूरा होने के बाद योजना के संचालन और अनुरक्षण की जिम्मेदारी आईटी वर्ल्ड इंटरनेशनल को सौंपी जाएगी।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी की मौजूदगी में गांव निवासी अरविंद पुत्र मन्ना सिंह के घर पर नया पेयजल कनेक्शन लगाया गया। योजना के तहत घरों में मजबूत लोहे के स्टैंड पर पीतल की टोटियां लगाई जा रही हैं। कुछ घरों में कनेक्शन को क्लैंप और सीमेंट की मदद से व्यवस्थित किया जा रहा है। कंपनी के ब्लॉक इंचार्ज अमित वर्मा की देखरेख में कार्य प्रगति पर है।
अपर जिलाधिकारी विजय सिंह ने ग्रामीणों से अपील की कि घरों में लगाए जा रहे नल और अन्य उपकरणों को सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि टोटियों को उखाड़कर बेचने से बचें और पेयजल कनेक्शन का उचित उपयोग करें, ताकि ग्रामीणों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सके।
स्रोत: जिला सूचना कार्यालय, हमीरपुर की प्रेस विज्ञप्ति, 11 अक्टूबर 2026।