प्रेस विज्ञप्तिसमाहरणालय, औरंगाबाद
(जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय)
दिनांक : 04 नवंबर 2026
*जिला पदाधिकारी ने पांच विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, पठन-पाठन, मध्याह्न भोजन एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का लिया जायजा*
*‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के तहत विद्यालयों में मरम्मति, रंग-रोगन, सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण का निर्देश*
आज दिनांक 04 नवंबर 2026 को जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा०प्र०से०) द्वारा जिले में शैक्षणिक व्यवस्था की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से औरंगाबाद एवं बारुण प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया।
इस क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा औरंगाबाद प्रखंड अंतर्गत राजकीयकृत उच्च माध्यमिक विद्यालय, जम्होर, राजकीय मध्य विद्यालय जम्होर एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जम्होर तथा बारुण प्रखंड अंतर्गत सीरीस पंचायत स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सीरीस एवं राजकीय मध्य विद्यालय, सीरीस का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ के अंतर्गत विद्यालयों के आधारभूत संरचनात्मक विकास एवं सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को विद्यालय भवन, वर्ग-कक्ष, किचन शेड एवं शौचालय की आवश्यक मरम्मति कराने तथा विद्यालय परिसर को साफ-सुथरा एवं सुंदर बनाने का निर्देश दिया। साथ ही सभी आवश्यक कार्यों को समय पर पूरा कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, पठन-पाठन की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति तथा विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया तथा उनकी पढ़ाई, शिक्षण व्यवस्था एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान बच्चों से उनकी समस्याओं एवं शिकायतों के बारे में भी पूछा गया, ताकि विद्यालय स्तर पर उनकी आवश्यकताओं को समझते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
जिला पदाधिकारी ने मध्याह्न भोजन योजना की भी समीक्षा की। उन्होंने विद्यार्थियों से भोजन की गुणवत्ता एवं निर्धारित मेनू के अनुसार मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराए जाने के संबंध में जानकारी ली। साथ ही विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, कक्षा-कक्ष, रसोईघर सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता एवं उनकी स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा विद्यालयों में नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्री गौरव सिंह, जिला योजना पदाधिकारी श्री अविनाश प्रकाश, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री दयाशंकर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।