मनोहर व संजीव सुकोश ने किया महामाई का गुणगान
जोगिंद्रनगर, पंकज पालिया।
साईं मार्कीट जोगिंद्रनगर में चल रही मां दुर्गा पूजा एवं विसर्जन कार्यक्रम की छठी संध्या की शुरूआत मां दुर्गा की आरती से की गई। जिओ मार्ट के सामने सजे पंडाल में छठी संध्या में मनोहर ठाकुर व संजीव सुकोश ने महामाई का गुणगान किया। इस संध्या में कूपन के माध्यम से लक्की ड्रा निकाले गए।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर इस संध्या में मुख्यातिथि रहे वहीं नप उपाध्यक्ष प्यार चंद वालिया व अन्य गणमान्य उनके साथ रहे। सांई मार्कीट में चल रही मां दुर्गा पूजा में सोमवार को पंडाल में हवन यज्ञ व पूर्णाहूति के उपरांत बडौण घाट में मां दुर्गा का विसर्जन होगा। उधर,युवक मंडल छतर द्वारा करवाई जा रही मां दुर्गा पूजा एवं विसर्जन कार्यक्रम में छठी संध्या में संजीव सुकोश ने महामाई का गुणगान किया। इस संध्या में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकारी अध्यक्षा सीमा वालिया मुख्यातिथि रही जिन्हें समिति प्रधान शक्ति ठाकुर,सचिव संतोष व अन्य सदस्यों द्वारा मां दुर्गा की फोटो भेंट कर सम्मानित किया गया।छतर में चल रही मां दुर्गा पूजा का विसर्जन 20 अक्तूबर मंगलवार को होगा।