पहाड़ी थाने के सामने भीषण जाम, गड्ढों में फंस रहे भारी वाहन; आखिर कब जागेगा प्रशासन?
चित्रकूट। जनपद के पहाड़ी थाना चौराहे पर सड़क के गड्ढे अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। सड़क किनारे बने गहरे गड्ढों में आए दिन भारी वाहन फंसने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार को पहाड़ी थाने के सामने भीषण जाम लगने से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भारी ट्रकों के गड्ढों में फंसने के कारण यातायात बाधित रहा। राहगीरों, स्थानीय दुकानदारों और वाहन चालकों को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम के चलते लोगों का समय बर्बाद हुआ और सड़क पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित नजर आया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना चौराहे जैसे व्यस्त स्थान पर सड़क की बदहाल स्थिति लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई है। इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
अब सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग कब जागेंगे? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? यदि समय रहते सड़क के गड्ढों की मरम्मत और यातायात व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो समस्या और गंभीर हो सकती है।
अब देखना होगा कि शासन-प्रशासन इस जनसमस्या पर कब संज्ञान लेता है और पहाड़ी थाना चौराहे को जाम से कब राहत मिलती है।