प्रेस विज्ञप्ति
जिला जन संपर्क कार्यालय,जमुई
14 नवंबर 2026
शीर्षक: छठ महापर्व के संध्या अर्घ्य को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए प्रशासन मुस्तैद, झाझा के गौशाला घाट पर होगा भास्कर महोत्सव का आयोजन।
जमुई: लोक आस्था के महापर्व छठ के संध्या अर्घ्य को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आज जिले के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया और घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षित आवागमन तथा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने भी पुलिस पदाधिकारियों को घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
जिला प्रशासन द्वारा पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला एवं अनुमंडल स्तर पर नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई है। आमजन जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06345-224799, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के 06345-222301 एवं 06345-222302 तथा अनुमंडल नियंत्रण कक्ष के 06345-222006 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग के 06345-222820, 9470003337 एवं 9835616861, अग्निशमन पदाधिकारी के 7808412480, विद्युत प्रमंडल के 7763814452 तथा मद्यनिषेध विभाग के 7004208801 एवं 9473400616 पर भी आवश्यकता पड़ने पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने विशेष रूप से युवाओं एवं बच्चों से अपील की है कि वे छठ घाटों पर सेल्फी लेने अथवा फोटो-वीडियो बनाने के उत्साह में नदी या गहरे पानी की ओर न जाएं। जलाशयों एवं नदी के किनारे सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें तथा किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं। अभिभावकों से भी अनुरोध है कि वे बच्चों पर विशेष नजर रखें और उन्हें पानी के निकट अकेले न जाने दें। पर्व की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब हर व्यक्ति सुरक्षित रहे। सभी श्रद्धालु प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही रहें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
छठ महापर्व की सांस्कृतिक गरिमा, लोक परंपराओं और सूर्य उपासना की समृद्ध विरासत को उत्सवपूर्ण स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा कल संध्या अर्घ्य के अवसर पर झाझा के गौशाला घाट पर भास्कर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से लोक आस्था, लोकसंस्कृति और सामूहिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा।
जिला प्रशासन सभी छठ व्रतियों, श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील करता है कि वे आपसी सहयोग, संयम एवं सतर्कता के साथ इस महापर्व को मनाएं। प्रशासन की पूरी टीम श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं पर्व के शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए तत्पर है।
3 views | Jamui, Bihar | Nov 14, 2026