सेफ क्लिक 2.0" अभियान के तहत ईशानगर पुलिस पहुंची स्कूल, छात्रों को साइबर सुरक्षा का पढ़ाया पाठ
छतरपुर ईशानगर राज्य सरकार द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे सेफ क्लिक 2.0" अभियान के तहत ईशानगर पुलिस ने शासकीय सांदीपनि उच्च माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं नए आपराधिक कानूनों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी मनोज गोयल ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया पर होने वाले अपराधों तथा साइबर अपराधियों से बचाव के उपायों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सतर्कता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से पहले पूरी सावधानी बरतनी चाहिए।इस दौरान विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम से जुड़े प्रमुख प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबरों और आपातकालीन सेवाओं के उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों से साइबर अपराधों के प्रति स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करने की अपील की।इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य के.एल. राय, कमलेश त्रिपाठी, कृष्णकांत त्रिपाठी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।