हरदोई: साबुन-निरमा के नाम पर किराए के मकान में रखा 10 लाख का अवैध बारूद, पुलिस छापे में भांडाफोड़
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में दीपावली से पहले पुलिस को अवैध आतिशबाजी के कारोबार पर बड़ी सफलता हाथ लगी है। माधौगंज थाना क्षेत्र के रुदामऊ गांव में साबुन और निरमा (डिटर्जेंट) रखने के नाम पर किराए पर लिए गए एक मकान से पुलिस ने करीब 10 लाख रुपये कीमत का अवैध आतिशबाजी का जखीरा बरामद किया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रुदामऊ गांव के एक मकान में भारी मात्रा में अवैध पटाखे छिपाकर रखे गए हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजपाल सरोज और सब इंस्पेक्टर जय प्रकाश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान कमरे के अंदर से भारी मात्रा में पटाखे और आतिशबाजी का सामान मिला, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने पूरे सामान को कब्जे में लेकर मकान को सील कर दिया है।
मासूम बच्चों की जान से खिलवाड़, टला बड़ा हादसा
चौंकाने वाली बात यह है कि जिस मकान में बारूद का यह जखीरा डंप किया गया था, उससे ठीक सटे हुए कमरे में एक महिला अपने दो मासूम बच्चों के साथ रह रही थी। पड़ोस में रहने वाली महिला के अनुसार, मकान को साबुन और निरमा का गोदाम बनाने की बात कहकर किराए पर दिया गया था। रात के अंधेरे में वहां पटाखों का जखीरा जमा किया जा रहा था, जिसकी जानकारी पड़ोसियों को नहीं थी। रिहायशी इलाके में इतने बड़े पैमाने पर बारूद होने से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि साबुन-निरमा के नाम पर मकान किराए पर लेने वाले लोग कौन थे और इतना बड़ा आतिशबाजी का जखीरा कहां से लाया गया था। पुलिस इस अवैध कारोबार में शामिल पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
Hardoi, Hardoi | Oct 4, 2026