*विकसित भारत ग्रामीण गारंटी योजना का जिला स्तरीय शुभारंभः मुण्डोता में उमड़ा जनसैलाब*
जयपुर से कमलेश आमेटा
*जयपुर, 2 जुलाई।* जयपुर जिले की जालसू पंचायत समिति के मुण्डोता ग्राम पंचायत में आज “विकसित भारत गारंटी फॉर रोज़गार एंड आजीविका मिशन - ग्रामीण” योजना का जिला स्तरीय भव्य उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया, जिला कलेक्टर संदेश नायक, जिला प्रमुख रमा देवी चोपड़ा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जयपुर, एसडीएम रामपुरा डाबड़ी, प्रधान जालसू सहित राज्य एवं जिला स्तर के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण और पौधारोपण
सर्वप्रथम मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया और अन्य गणमान्य अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद अतिथियों ने मुण्डोता ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों पर जाकर ग्रामीणों को दी जा रही सेवाओं को देखा और विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी ली।
बॉटम-अप प्लानिंग और क्लासरूम नवीनीकरण की घोषणा
राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया ने योजना की बॉटम-अप प्लानिंग (नीचे से ऊपर की ओर नियोजन) की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ने अपने लक्षित प्रयासों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर, जनधन योजना से लेकर अब विकसित भारत ग्रामीण गारंटी तक, केंद्र सरकार देश के नागरिकों के जीवन और आजीविका को सुधारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।सांसद महोदय ने अपने सम्बोधन में ग्राम वासियो से ग्राम सभा को सशक्त करने और योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु युवाओं, महिलाओं एवं अन्य वर्गों से ग्राम सभा में बढ़ चढ़कर भागेदारी और अपनी मांग रखने की अपील की । ग्रामीणों की मांग पर, सांसद सतीश पूनिया ने मुण्डोता स्कूल के 9 क्लासरूमों के नवीनीकरण की घोषणा की, जिसका उपस्थित जनसमुदाय ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।
योजना के मुख्य आकर्षणः बढ़ी मजदूरी और रोजगार के दिन
कार्यक्रम के दौरान “विकसित भारत गारंटी फॉर रोज़गार एंड आजीविका मिशन - ग्रामीण” योजना के सकारात्मक पहलुओं और इससे मिलने वाले लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने बताया कि इस नवीनीकृत योजना के तहत रोजगार के दिनों की संख्या को ’100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन’ कर दिया गया है और साथ ही 1 जुलाई से दैनिक मानदेय को बढ़ाकर 300 रूपये प्रति दिन किया गया है। नवीन योजना के तहत बुनियादी ग्रामीण अवसंरचना निर्माण, जल संरक्षण, ग्रामीण आजीविका एवं आपदा प्रबंधन के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। स्वागत उद्बोधन के साथ मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ने बताया की अब तक जयपुर जिले में युक्तिधरा पोर्टल पर 21000 नवीन कार्य विकसित भारत गारंटी योजना के तहत करवाए जाने की योजना ग्राम पंचायतो द्वारा तैयार कर ली गयी है और पौधरोपण के 201 एवं जल संरक्षण के 225 नवीन कार्यों की स्वीकृति भी जारी की जा चुकी है।
बुनियादी ढांचे का विकास और आपदा प्रबंधन
जिला कलेक्टर जयपुर, संदेश नायक ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि यह नई योजना ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे और आजीविका को एक नई दिशा देगी। योजना में कार्यों के दायरे और संख्या को बढ़ाने से गांवों का चहुंमुखी विकास होगा। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों में आपदा पूर्व तैयारियों से राज्य सरकार को आपदा प्रबंधन में बड़ी मजबूती मिलेगी। इसके अलावा, केंद्र और राज्य सरकार के बजट के अभिसरण से ग्रामीण विकास के लिए ग्राम पंचायतो के वित्तीय बजट में महत्वपूर्ण बढ़ोत्तरी हो सकेगी ।
स्कूल, आंगनवाड़ी का कायाकल्प और महिला सशक्तिकरण
जिला प्रमुख रमा देवी चोपड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि इस योजना के दायरे विस्तार से अब ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों का बेहतर विकास और रख-रखाव सुनिश्चित किया जा सकेगा। सीधा और बढ़ा हुआ मानदेय मिलने से ग्राम पंचायतों का आर्थिक सशक्तिकरण होगा। इसके साथ ही, आजीविका क्षेत्र में अधिक कार्यों को बढ़ावा देने से ग्रामीण महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण सुनिश्चित होगा।
राष्ट्रीय कार्यक्रम से सीधा जुड़ाव
यह जिला स्तरीय कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से तिरुपति (आंध्र प्रदेश) में आयोजित मुख्य राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम से भी सीधा जुड़ा रहा। कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों और ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का लाइव भाषण सुना, जो राष्ट्रीय स्तर पर इस ऐतिहासिक योजना का शुभारंभ कर रहे थे।
लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ और सीधा वितरण
कार्यक्रम के समापन से पहले अतिथियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। इसमें 2 नए आवासीय पट्टे, 1 पालनहार लाभार्थी , 2 मंगला पशु बीमा कार्ड, 2 सॉयल टेस्ट (मृदा जांच) कार्ड, 2 राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के नए लाभार्थियों के नाम जोड़ना, आपसी सहमति विभाजन के 2 प्रकरण और 1 निक्षय टीबी पोषण किट आदि का वितरण प्रमुखता से किया गया।
कार्यक्रम का समापन जालसू प्रधान द्वारा सभी अतिथियों, अधिकारियों और पधारे हुए ग्रामीणों के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।