#SevaSankalpAbhiyan के तहत पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में दिया नशामुक्ति का संदेश
विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की ली सामूहिक शपथ
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, मुरैना में नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य नोडल अधिकारी श्री दिलीप गांगिल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, भविष्य और कार्यक्षमता को प्रभावित करने के साथ-साथ परिवार एवं समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा नशे की गिरफ्त में आए लोगों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करना भी आवश्यक है।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री मनोज कुमार सक्सेना ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनकी ऊर्जा एवं क्षमता राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नशे जैसी सामाजिक बुराई युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को प्रभावित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम नोडल अधिकारी श्री कपिल राजे ने विद्यार्थियों को तंबाकू, शराब एवं अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने की समझाइश दी। उन्होंने नशामुक्ति से संबंधित सहायता एवं परामर्श के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1097 की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. अमित खण्डेलवाल, श्री जितेन्द्र सिंह, श्री धर्मेन्द्र कुमार, डॉ. आर.एन.एस. तोमर, श्रीमती कुक्की चिरगैंया एवं श्रीमती मुक्ता श्रीवास्तव ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य, अधिकारियों, शिक्षकगण, अतिथि व्याख्याताओं, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, परिवार एवं समाज में नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की सामूहिक शपथ ली।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी श्री कपिल राजे सहित शिक्षकगण, अतिथि शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अतिथि शिक्षकों में सुश्री राखी शर्मा, श्रीमती मुक्ता श्रीवास्तव, श्रीमती कुक्की चिरगैंया, श्रीमती फरहा खानम, श्री दीपेन्द्र राजपूत, श्री देवेन्द्र शर्मा, श्री शैलेन्द्र सिंह तोमर, श्री नंदकिशोर मारन एवं श्री एल.एन. चंदोरिया शामिल रहे।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
16 views | Morena, Madhya Pradesh | Oct 6, 2026