#बालाघाट
महिला एवं बाल विकास विभाग के कंट्रोल रूम का एसडीएम बैहर ने किया निरीक्षण
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बैहर श्री अनिकेत शांडिल्य (आईएएस) ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बीमारी प्रभावित क्षेत्रों की सतत निगरानी एवं समन्वय के लिए स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री देवेंद्र सुंदरियाल सहित कंट्रोल रूम की टीम उपस्थित रही।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने कंट्रोल रूम की गतिविधियों एवं राहत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को नियमित पौष्टिक नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराने, गंभीर तीव्र कुपोषित (SAM) बच्चों की सतत निगरानी एवं फॉलोअप तथा प्रभावित क्षेत्र की 15 किलोमीटर परिधि में निवासरत बीमार बच्चों की दैनिक मॉनिटरिंग की जानकारी ली।
कंट्रोल रूम के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले के साथ समन्वय स्थापित कर बीमार बच्चों को त्वरित चिकित्सा सहायता एवं आवश्यक रेफरल सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। एसडीएम ने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में निरंतर सतर्कता और बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसडीएम श्री शांडिल्य ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किए जा रहे त्वरित एवं प्रभावी कार्यों की सराहना की। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण संरक्षण के लिए विभागीय टीम को निरंतर सक्रिय रहकर कार्य करने पर बल दिया।
#cmmadhyapardesh #JansamparkMP #mp_wcdmp
Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 31, 2026