किऊल स्टेशन पर ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत मोबाइल चोर गिरफ्तार, चोरी का मोबाइल बरामद
लखीसराय/किऊल: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से यात्री का चोरी किया गया मोबाइल बरामद किया है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
आरपीएफ के अनुसार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, दानापुर के निर्देश पर गठित टीम ने किऊल स्टेशन पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान ट्रेन संख्या 18105 से उतर रहे एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। पूछताछ में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। तलाशी लेने पर उसके पास से एक मोबाइल फोन मिला, जिसके संबंध में उसने किसी ट्रेन में यात्री से मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।इसके बाद जब्ती सूची तैयार कर चोरी का मोबाइल जब्त किया गया ।एवं ज्ञापन बनाकर आरोपी सौरभ कुमार भागलपुर निवासी को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह की लिखित शिकायत पर जीआरपी किऊल में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।