महाराष्ट्र। छत्रपति संभाजीनगर में रविवार को आयोजित बॉम्बे हाईकोर्ट क्लर्क भर्ती के टाइपिंग टेस्ट के दौरान तकनीकी गड़बड़ी को लेकर अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया। करीब 2,900 उम्मीदवारों के परीक्षा में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा के दौरान कई कंप्यूटर, माउस और की-बोर्ड ने काम करना बंद कर दिया। कुछ उम्मीदवारों ने स्क्रीन पीली होने और सर्वर में खराबी की शिकायत की। आरोप है कि कुछ परीक्षार्थी करीब 10 मिनट बाद ऑटोमेटिक लॉगआउट हो गए।
मामले को लेकर उम्मीदवारों ने री-टेस्ट कराने की मांग की। प्रदर्शन में CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके भी पहुंचे। उनका आरोप है कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण कई अभ्यर्थियों को उनकी गलती के बिना नुकसान उठाना पड़ा।
वहीं, बॉम्बे हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार के मुताबिक परीक्षा एजेंसी के माध्यम से सामान्य तरीके से आयोजित की गई थी, लेकिन औरंगाबाद और कल्याण समेत कुछ परीक्षा केंद्रों से तकनीकी दिक्कतों की शिकायतें मिली हैं। इन शिकायतों की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई की जानकारी आधिकारिक रूप से दी जाएगी।
परीक्षा तीन सेशन में नागपुर और औरंगाबाद बेंच के तहत 1,300 क्लर्क पदों के लिए आयोजित की गई थी। तकनीकी समस्या की शिकायत सुबह 10 बजे से 11:15 बजे वाले सेशन में सामने आने की बात कही गई है।
.
.
.
.
#BombayHighCourt #BombayHighCourtClerk #ClerkRecruitment #TypingTest #TypingExam