उन्नाव में तालाब किनारे मिला युवक का शव, पेड़ पर लटकती मिली रस्सी; हत्या की आशंका
पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे परिजन, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र के गोपीखेड़ा गांव में 23 वर्षीय शुभम उर्फ छोटू की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। शुक्रवार शाम गांव के बाहर तालाब किनारे उसका शव मिला। घटनास्थल पर पेड़ से रस्सी लटक रही थी, जबकि शव नीचे पड़ा था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिजनों के मुताबिक, शुभम शुक्रवार सुबह करीब चार बजे घर से निकला था। शाम पांच बजे तालाब के पास उसका शव मिलने की सूचना मिली। भाई का कहना है कि शुभम का किसी से विवाद नहीं था। परिवार को आशंका है कि किसी का फोन आने के बाद वह घर से निकला था, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। माखी थानाध्यक्ष योगेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद स्पष्ट होगी।
Unnao, Unnao | Oct 10, 2026