कुल्लू के पांकवा गांव में बारिश का कहर: भूस्खलन से स्कूल भवन क्षतिग्रस्त, 500 से अधिक सेब के पौधे नष्ट
कुल्लू जिले के निरमंड उपमंडल की ग्राम पंचायत बाड़ी के पांकवा गांव में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। भूस्खलन की चपेट में आने से वर्ष 1993 में बना राजकीय प्राथमिक विद्यालय भवन गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि बागवानों को भी लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।
विद्यालय भवन के भीतर बच्चों का शैक्षणिक रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज फंसे हुए हैं। हालांकि भवन कभी भी गिर सकता है, इसलिए सुरक्षा कारणों से उन्हें बाहर निकालना संभव नहीं हो पा रहा है।
बारिश और भूस्खलन से 500 से अधिक सेब के पौधे नष्ट हो गए हैं। इसके अलावा कई गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। वहीं ग्रामीण सेस राम का मकान भी खतरे की जद में आ गया है, जिसके चलते परिवार को एहतियातन सुरक्षित स्थान पर भेजा जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र का तत्काल सर्वे करवाने, उचित मुआवजा देने, क्षतिग्रस्त विद्यालय का जल्द पुनर्निर्माण करने, बच्चों की पढ़ाई के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग की है।