.*बस्ती में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन, डीएम की अध्यक्षता में रूधौली तहसील में 56 शिकायतें आईं, 8 का मौके पर निस्तारण*
*जनपद बस्ती, 17 अक्टूबर 2026* आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस की कड़ी में माह अक्टूबर के तृतीय शनिवार को जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील रूधौली में सम्पन्न हुआ।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को एक-एक कर सुनते हुए मौके पर उपस्थित संबंधित विभागीय अधिकारियों को जनशिकायतों को निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत निस्तारण के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और स्थलीय मौका देखकर गुणवत्तापूर्ण व ससमय समस्याओं का निस्तारण करें।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने भी सुनवाई करते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों से संबंधित मामलों को तत्परता से निस्तारण करायें।
उप जिलाधिकारी अहमद फरीद खान ने बताया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 56 मामले प्राप्त हुए, जिसमें से 08 का मौके पर निस्तारण किया गया। इसमें राजस्व विभाग के 27, पुलिस के 03, विकास के 04, पूर्ति के 09, समाज कल्याण के 02, विद्युत के 04, बैंक के 01, चकबन्दी के 02, नगर पंचायत के 04 मामले आये।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में सीएमओ डॉ. राजीव निगम, पीडी आनन्द कुमार गुप्ता, डीडीओ सुशील कुमार श्रीवास्तव, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार, कृषि अधिकारी बी.आर. मौर्या, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, डीएसओ विमल शुक्ला, डीआईओएस संजय सिंह, डीएचओ अरूण त्रिपाठी, एलडीएम आर.एन. मौर्य तथा जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 17, 2026