*खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता : अभिषेक बरवाल*
*खेलो हिमाचल चिट्टा मुक्त अभियान के तहत युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें : अभिषेक बरवाल*
घुमारवीं, 26 नवंबर। युवा सेवा एवं खेल विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा प्रदेश को नशामुक्त बनाने तथा युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू किए गए 'खेलो हिमाचल – चिट्टा मुक्त अभियान 2026-27' के सफल आयोजन को लेकर आज उपमंडलाधिकारी (नागरिक) घुमारवीं के कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी नागरिक अभिषेक बरवाल ने की।
इस अवसर पर अभिषेक बरवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को नशे से दूर रखने, खेलों के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से 'खेलो हिमाचल – चिट्टा मुक्त अभियान' शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। विशेषकर युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। खेल ऐसी सकारात्मक गतिविधि है, जो युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करती है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से नशे से दूर रखना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध करवाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया कि अभियान की जानकारी उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थानों, स्कूलों, कॉलेजों तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा इसमें भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
उन्होंने स्कूलों एवं कॉलेजों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों तथा शारीरिक शिक्षा अध्यापकों से भी आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को इस अभियान के प्रति जागरूक करें और पात्र खिलाड़ियों का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित करवाएं। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें तथा उन्हें मोबाइल फोन की अत्यधिक लत और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में अभियान के तहत आयोजित की जाने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की जानकारी भी साझा की गई। इस अभियान में क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कुश्ती, रस्साकशी तथा बास्केटबॉल सहित कुल दस खेलों को शामिल किया गया है। प्रतियोगिता में 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवक एवं युवतियां भाग ले सकेंगे। इसमें पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं का आयोजन उपमंडल, जिला तथा राज्य स्तर पर किया जाएगा। विभिन्न स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उपमंडल स्तर पर प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 41 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 31 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार क्रमशः 2 लाख, 1 लाख 50 हजार तथा 1 लाख रुपये होंगे। राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 31 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 15 लाख रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 10 लाख रुपये निर्धारित किया गया है।
अभिषेक बरवाल ने बताया कि अभियान के लिए ऑनलाइन पंजीकरण निःशुल्क रखा गया है। इच्छुक पात्र युवा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://khelohimachal.hp.gov.in/ पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर, 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों तथा जनप्रतिनिधियों से अभियान को जन आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया, ताकि खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखकर एक स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में योगदान दिया जा सके।
उन्होंने कहा कि खेलेंगे युवा, जीतेगा हिमाचल और नशामुक्त हिमाचल का संकल्प तभी साकार होगा, जब समाज का प्रत्येक वर्ग इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा।