कासगंज में गूंजी ‘भारत माता की जय’, डीएम-एसपी के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
कासगंज। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को कासगंज शहर में देशभक्ति का शानदार नजारा देखने को मिला। जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा थामे सैकड़ों विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
तिरंगा यात्रा भारतीय स्टेट बैंक, सोरों गेट शाखा से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से गुजरती हुई आजाद गांधी इंटर कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुई। डीएम और एसपी ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया और स्वयं पैदल चलकर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
यात्रा में मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी नगर समेत विभिन्न अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत करना और नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम तथा आजादी के महत्व से परिचित कराना है। वहीं एसपी ओमप्रकाश सिंह ने शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से यात्रा संपन्न कराने में सहयोग करने वाले शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों की सराहना की।
यात्रा के समापन पर आजाद गांधी इंटर कॉलेज परिसर में सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान सभी ने देश की एकता, अखंडता और सम्मान को बनाए रखने का संकल्प लिया।