मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प' सभागार से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में 24x7, 1:1 इंटरैक्टिव प्लेटफार्म 'बिहार विद्या साथी' का शुभारंभ किया। जिला स्तर पर कार्यक्रम का Live प्रसारण जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर की उपस्थिति में समाहरणालय सभागार, मुजफ्फरपुर में तथा जिलान्तर्गत सभी 21 सरस्वती विद्या निकेतन में किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के मार्ग-दर्शन में छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयास किया जा रहा है। 'बिहार विद्या साथी' ऐप इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से विद्यार्थी जब चाहें, जहाँ से चाहें, अपनी पढ़ाई से संबंधित समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। ज़िलाधिकारी ने कहा कि राज्य के 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों से शुरू हो रही इस पहल से लगभग 3 लाख विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। मुजफ्फरपुर जिला के भी 21 सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) के लगभग 6000 (छः हजार) विद्यार्थी इस ऐप से प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होंगे।
ऐप की विशेषता एवं उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मॉडल विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 60 सेकेन्ड के अंदर 24x7 निःशुल्क लाइव शिक्षक की उपलब्धता होगी। विद्यार्थियों को अपनी पसंद के शिक्षक से पढ़ने की सुविधा मिलेगी। पढ़ाई के दौरान पाठ से जुड़ी किसी समस्या का निःशुल्क एवं त्वरित समाधान प्राप्त होगा। एआई टूल्स के माध्यम से कॉन्सेप्ट लर्निग की व्यवस्था की गई है। विद्यार्थियों को अध्यायवार टेस्ट, मॉडल टेस्ट, प्रैक्टिस सेट उपलब्ध होगा। विद्यार्थियों की लर्निंग प्रगति, टेस्ट स्कोर, कमजोर विषयों की पहचान इत्यादि का प्रावधान है। कक्षा 9-10 के विद्यार्थियों के लिये सभी विषय तथा कक्षा 11-12 के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को लाइव ट्यूटर सपोर्ट के साथ बिहार बोर्ड, जेईई एवं नीट की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों से ज़िलाधिकारी ने संवाद स्थापित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सरकार के उद्देश्यों एवं छात्र-छात्राओं की आवश्यकताओं के अनुरूप सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध है।जिलाधिकारी ने कहा कि 24*7 लाइव क्लासेस कहीं भी, कभी भी सिखने की क्षमता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस Filo App के माध्यम से विद्यालय उत्कृष्ट शिक्षा के केन्द्र के तौर पर विकसित होंगे और विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।