आज दिनांक 15.09.2026 को जिलाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में नीलामपत्र वादों से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित नीलामपत्र वादों, मांग एवं वसूली की प्रगति, ऑनलाइन अभिलेखों के अद्यतन तथा रजिस्टर-9 एवं रजिस्टर-10 के संधारण की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को PDR Act एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप लंबित मामलों का समयबद्ध एवं नियमानुसार निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। पुराने एवं लंबे समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर प्रत्येक मामले की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करने को कहा गया।
उन्होंने निर्देश दिया कि नीलामपत्र वादों से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज, नोटिस, आदेश, मांग एवं वसूली से संबंधित विवरण ऑनलाइन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अद्यतन किए जाएं तथा ऑनलाइन एवं भौतिक अभिलेखों में पूर्ण एकरूपता सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने रजिस्टर-9 एवं रजिस्टर-10 को अद्यतन रखने तथा मांग, वसूली एवं लंबित राशि का नियमित मिलान करने का निर्देश दिया। साथ ही लोक मांग की वसूली में तेजी लाते हुए लंबित मामलों की संख्या में कमी लाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता, रोहतास श्री ललित भूषण रंजन सहित नीलामपत्र वाद के प्रभारी पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#IPRD
#BiharGovernment
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Sep 15, 2026