फिरोजाबाद डीएम और एसएसपी ने स्कूल चलो अभियान के नामांकन रैली का हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ।
माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों की नामांकन दर बढ़ाने और शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जसराना में 'विशेष नामांकन अभियान' (स्कूल चलो अभियान) के द्वितीय चरण के अंतर्गत एक वृहद रैली का सफल आयोजन किया गया।
इस जागरूकता रैली का शुभारंभ जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडेय द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया गया।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में यह रैली प्रातः 9:30 बजे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जसराना से शुरू होकर जसराना तहसील तक निकाली गई।
इस वृहद रैली में विभिन्न विद्यालयों के लगभग 500 छात्र-छात्राओं और उनके शिक्षकों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।जिलाधिकारी महोदय और पुलिस अधीक्षक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा जसराना तहसील के समस्त अभिभावकों से अपने बच्चों को विद्यालय मे नामांकन कराने हेतु अपील की गयी।
जिलाधिकारी ने शिक्षा के महत्व को बताते हुए समस्त छात्र छात्राओं को पढ़ने हेतु प्रेरित किया.
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जसराना से लगभग 300 छात्राओं और समस्त शिक्षकों ने भाग लिया।
लोक राष्ट्रीय इंटर कॉलेज, जसराना से लगभग 200 छात्र-छात्राओं और 20 शिक्षकों ने भाग लिया।
आदर्श जनता इंटर कॉलेज, मुस्तफाबाद रोड, जसराना से 100 छात्र-छात्राओं और समस्त शिक्षकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में बैनर, स्लोगन पट्टीका और पेंटिंग लेकर क्षेत्र के अभिभावकों को अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी शिक्षकों और अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और इस 'विशेष नामांकन अभियान' को शत-प्रतिशत सफल बनाया जाए।