दैनिक भास्कर सतना संस्करण के 33 वर्ष पूरे
सीधी ब्यूरो चीफ मुकेश चतुर्वेदी ने स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर ॐ रिसॉर्ट सतना में रखे विचार 👍🏻
भास्कर न्यूज | सीधी
सीधी। दैनिक भास्कर सतना संस्करण के सफलतम 33 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को होटल ओम रिसॉर्ट, सतना में भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सीधी, रीवा, सतना, सिंगरौली और पन्ना सहित विभिन्न क्षेत्रों से दैनिक भास्कर से जुड़े प्रतिनिधि एवं सहयोगी एकत्रित हुए।
समारोह के दौरान सभी सदस्यों ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए समाचार संकलन, पत्रकारिता की चुनौतियों और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव रखे। कार्यक्रम में दैनिक भास्कर के 33 वर्षों के सफर और पत्रकारिता के क्षेत्र में उसकी भूमिका पर भी चर्चा हुई।
इसी क्रम में दैनिक भास्कर सीधी की ओर से ब्यूरो चीफ मुकेश चतुर्वेदी को अपने विचार रखने का अवसर प्रबंधन द्वारा प्रदान किया गया। उन्होंने अपने गृह जिले सीधी से जुड़े प्रमुख मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।
‘रेफर जिला’ की पहचान बदलने की जरूरत
मुकेश चतुर्वेदी ने कहा कि सीधी जिला लंबे समय से ‘रेफर जिला’ के नाम से चर्चित है। गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अक्सर रीवा सहित अन्य बड़े शहरों की ओर रेफर किया जाता है। उन्होंने कहा कि जिले में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, विशेषज्ञ चिकित्सक, आवश्यक जांच एवं उपचार की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि लोगों को उपचार के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।
शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने की जरूरत
शिक्षा व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि जिले की शिक्षा व्यवस्था भी बेपटरी नजर आ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं, शिक्षकों की उपलब्धता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य किसी भी जिले के विकास की बुनियाद हैं और इन दोनों क्षेत्रों में प्रभावी सुधार से सीधी के विकास को नई दिशा मिल सकती है।
पत्रकारिता के सामाजिक सरोकारों पर भी चर्चा
समारोह में दैनिक भास्कर के 33 वर्षों के सफल सफर, पत्रकारिता में उसकी भूमिका तथा भविष्य की चुनौतियों पर विचार-विमर्श हुआ। विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। कार्यक्रम ने क्षेत्रीय पत्रकारिता से जुड़े लोगों को एक मंच पर संवाद और विचारों के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान किया।
Mukesh Chaturvedi Danik Bhaskar Upendra Solanki #satna #रीवा #सीधी #सिंगरौली