*घर में घुसा 8 फीट लंबा अजगर, ग्रामीणों में मचा हड़कंप; सर्प मित्र ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा*
वजीरपुर। क्षेत्र के छगड़ा गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दसरथ सिंह राजपूत के घर में करीब 8 फीट लंबा अजगर दिखाई दिया। घर में अचानक विशाल अजगर को देखकर परिवार के लोग घबरा गए और उन्होंने आसपास के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में अजगर को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने अजगर की सूचना सर्प मित्र राणा को दी। सूचना मिलते ही सर्प मित्र राणा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू करते हुए काफी मशक्कत के बाद करीब 8 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया।
अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। सर्प मित्र राणा ने अजगर को सुरक्षित रूप से आबादी क्षेत्र से दूर ले जाकर प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि घर में इतना बड़ा अजगर देखकर सभी लोग काफी भयभीत हो गए थे। समय पर सूचना मिलने और सर्प मित्र के मौके पर पहुंचने से अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू हो सका।
सर्प मित्र राणा ने ग्रामीणों से अपील की कि घर, खेत या आसपास सांप अथवा अजगर दिखाई देने पर घबराएं नहीं और उसे मारने या खुद पकड़ने का प्रयास न करें। तत्काल प्रशिक्षित सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीव को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।