#किन्नौर में बड़ा हादसा टला! ब्रेक फेल होते ही सतलुज के मुहाने पर पहुंची HRTC बस, चालक ने बचाई 17 यात्रियों की जान
#किन्नौर जिले से एक खौफनाक तस्वीर सामने आई है, जहां HRTC की बस के अचानक ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रूपी वैली के मझगांव से रिकॉन्ग पिओ जा रही इस बस में उस वक्त 17 यात्री सवार थे।
बताया जा रहा है कि पोषपा के पास एक खतरनाक मोड़ पर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए। देखते ही देखते यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। एक तरफ गहरी खाई और दूसरी तरफ सतलुज नदी का खौफ, ऐसे में कुछ ही सेकंड में बड़ा हादसा हो सकता था।
लेकिन बस चालक ने घबराने के बजाय सूझबूझ और हिम्मत दिखाई। चालक ने सड़क किनारे लगे पैरापिट का सहारा लेते हुए बस को रोक लिया। पैरापिट से टकराकर बस रुक गई और इस तरह 17 यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई।
हादसे के बाद यात्रियों ने राहत की सांस तो ली, लेकिन साथ ही HRTC की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
यात्रियों का आरोप है कि सफर के दौरान बस का प्रेशर पाइप फट चुका था और गाड़ी रास्ते में करीब छह बार खराब हुई थी। इसके बावजूद बस को वापस रोककर पूरी तरह तकनीकी जांच और मरम्मत कराने के बजाय उसे रिकॉन्ग पिओ की ओर रवाना कर दिया गया।
यात्रियों का कहना है कि अगर समय रहते बस को रूट पर चलने से रोककर इसकी तकनीकी खराबी दूर कर दी जाती, तो आज 17 लोगों की जिंदगी खतरे में नहीं पड़ती।
अब यात्रियों ने HRTC प्रबंधन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि पहाड़ी इलाकों में चलने वाली बसों की तकनीकी खराबी को किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही यहां बड़े जानलेवा हादसे में बदल सकती है।
सवाल अब यह है कि जब बस पहले ही बार-बार खराब हो रही थी, तो आखिर उसे यात्रियों की जान जोखिम में डालकर रूट पर क्यों भेजा गया?
फिलहाल चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन यह घटना HRTC प्रबंधन के लिए एक गंभीर चेतावनी जरूर है।
#किन्नौर #HRTC #हिमाचलप्रदेश #सड़कहादसा #ब्रेकफेल #रिकॉन्गपिओ #सतलुजनदी #HimachalPradesh #Kinnaur #HRTC #RoadAccident #BreakingNews