*लजनसुनवाई में कलेक्टर श्री वर्मा ने किया समस्याओं का त्वरित निराकरण
शिवपुरी- कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। कलेक्टर ने एक-एक कर सभी आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को बिना देरी के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में मौके पर ही रेडक्रॉस कोष से आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई।
जनसुनवाई में तहसील बैराड़ के ग्राम ऐंचवाड़ा निवासी छात्र वीरेंद्र कुशवाहा ने बताया कि उसके माता-पिता पिछले 10 वर्षों से अस्वस्थ हैं, इसके बावजूद वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। छात्र के हौसले को देखते हुए कलेक्टर ने रेडक्रॉस मद से 20 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया।
इसी प्रकार ग्राम इंदरगढ़ सुभाषपुरा निवासी नरेश जाटव ने अपनी कक्षा 9वीं में पढ़ने वाली मूक-बधिर पुत्री के लिए पेंशन और सहायता का आवेदन दिया। इस पर कलेक्टर ने तत्काल 5 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की और सामाजिक न्याय विभाग को पेंशन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
ठकुरपुरा शिवपुरी निवासी रानी यादव ने बताया कि उनके पति पिछले एक वर्ष से मुंह के कैंसर से पीड़ित हैं जिससे परिवार पर आर्थिक संकट है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने 10 हजार रुपये की सहायता राशि रेडक्रॉस मद से स्वीकृत की।
इस जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ श्री विजय राज, अपर कलेक्टर श्री दिनेश चंद्र शुक्ला सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे और प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुना गया।