राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के दिए निर्देश
--
कलेक्टर श्री साकेत मालवीय की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व विभाग से संबंधित योजनाओं एवं प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मालवीय ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन 2026 योजना के अंतर्गत संबंधित हितग्राहियों की ई-केवाईसी एवं भूमि की ई-केवाईसी कराए जाने के निर्देश समस्त एसडीएम एवं तहसीलदारों को दिए। उन्होंने कहा कि स्वामित्व अधिकार अभिलेख योजना शासन की महत्वपूर्ण योजना है, इसके क्रियान्वयन से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन कर ई-केवायसी का कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने फॉर्मर रजिस्ट्री, खरीफ गिरदावरी तथा आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा नागरिकों को समय पर सेवाओं का लाभ मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व विभाग अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण कर निराकरण कर ए ग्रेड में आना सुनिश्चित करें।
बैठक में कलेक्टर ने समस्त एसडीएम को निर्देशित किया कि स्कूलों एवं आंगनवाड़ियों में बच्चों को मिलने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता एवं वितरण की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। इसके लिए सतत निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि बच्चों को निर्धारित मापदंड के अनुसार भोजन उपलब्ध हो। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की जानकारी सीएम डैशबोर्ड पर नियमित रूप से अपडेट करने तथा कार्यक्रमों के फोटो एवं वीडियो समय पर अपलोड करने के निर्देश दिए। साथ ही संबल योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं का लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई,केन्द्रीय मंत्री,अर्द्धशासकीय पत्रों,जनप्रतिनिधियों से प्राप्त होने वाले पत्रों पर समय सीमा में कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने सिविल सूट,उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों के जबाव समस सीमा में प्रस्तुत किये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने समस्त एसडीएम को निर्देशित किया कि अपने-अपने अनुभाग अंतर्गत अवैध शराब के विरूद्ध कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने समस्त राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्ष 2026-27 के लक्ष्य के विरूद्ध राजस्व वसूली की कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित करें।
बैठक में कलेक्टर ने प्रसूति सहायता,जननी सुरक्षा योजना के हितग्राहियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन पात्र हितग्राहियों के दस्तावेज पूर्ण नहीं हैं, उनके दस्तावेज पूर्ण कराकर उन्हें योजना का लाभ दिलाया जाए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह,संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सोनम जैन,श्री आर.बी.सिण्डोस्कर,श्री विकास कुमार आनंद सहित समस्त एसडीएम,तहसीलदार,नायब तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#ashoknagar
122 views | Ashok Nagar, Madhya Pradesh | Sep 19, 2026